पौड़ी : जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण कर कार्यालयी व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव, योजनाओं की प्रगति और जनसमस्याओं के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को अभिलेख अद्यतन रखने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने और आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पत्रावलियों, पंजिकाओं और टूर पंजिकाओं के नियमित संधारण पर जोर दिया। उन्होंने कार्यालयों की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए कक्षों, गलियारों, वेटिंग रूम और शौचालयों की नियमित सफाई के निर्देश दिए।

विभिन्न विभागों की समीक्षा के दौरान ग्रामोत्थान, स्वजल, मत्स्य, पंचायतीराज, समाज कल्याण, परिवीक्षा, उरेडा और ग्रामीण निर्माण विभाग की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। पंचायतीराज विभाग को ग्राम पंचायतों से प्राप्त शिकायतों के लिए अलग शिकायत पंजिका तैयार कर प्रत्येक शिकायत की प्राप्ति तिथि, विषय और निस्तारण की स्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

समाज कल्याण विभाग में छात्रवृत्ति, पेंशन एवं अन्य लाभार्थी योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लोगों को समयबद्ध लाभ देने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण निर्माण विभाग में लंबित एवं निस्तारित बीजकों की समीक्षा कर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण को कहा गया।

जिला विकास अधिकारी कार्यालय में एमपीलैड, विधायक निधि और वीबी जीरामजी कार्यक्रम के कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विधायक निधि की दूसरी किश्त के शीघ्र निस्तारण तथा स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विकास भवन की आंतरिक व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सभी कार्मिकों के कार्यस्थलों पर नाम पट्टिकाएं लगाने, अभिलेख व्यवस्थित रखने, वेटिंग रूम से टूटे एवं अनुपयोगी फर्नीचर हटाने तथा आवश्यक रंग-रोगन एवं मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पारदर्शिता, अनुशासन, अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकारी कार्यालयों की नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *