झाझरा में 5 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए की कार्रवाई, ध्वस्त की अनधिकृत कॉलोनी
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध एवं अनधिकृत भू-विन्यास के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में देहरादून के झाझरा क्षेत्र में करीब 5 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई।
नन्दा एन्कलेव, सैनिक कॉलोनी और एलपी विलाश के सामने स्थित भूमि के निरीक्षण के दौरान मौके पर डिमार्केशन कर प्लॉटिंग किए जाने की पुष्टि हुई। वहीं, संबंधित पक्ष द्वारा मौके पर स्वीकृत तलपट मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
प्रकरण में नियमानुसार वाद दायर कर सुनवाई और कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी करने के बाद एमडीडीए की टीम मौके पर पहुंची और करीब 5 बीघा क्षेत्र में की जा रही समस्त अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
एमडीडीए के मुताबिक बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के प्लॉटिंग, सीमांकन अथवा बिक्री के उद्देश्य से कॉलोनी विकसित करना अनुमन्य नहीं है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।