बनबसा:: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत-नेपाल सीमा पर बनबसा में शहीद स्मारक एवं विशाल तिरंगे का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में भारतीय सैनिकों के त्याग, शौर्य और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में स्थापित ऐसे स्मारक युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा की प्रेरणा देते हैं। भारत-नेपाल सीमा पर स्थापित यह शहीद स्मारक वीर जवानों के अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने वीर नारियों, वीर माताओं तथा वीरता पदक विजेताओं को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सैनिक परिवारों का सम्मान और कल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की वीरभूमि ने सदैव देश को वीर सैनिक दिए हैं। यहां के युवाओं ने भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देकर राष्ट्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। शहीद स्मारक आने वाली पीढ़ियों को इन वीर सपूतों के बलिदान की गाथा से परिचित कराने का कार्य करेगा।