देहरादून में थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने चोरी की अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का लैपटॉप, मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को रिस्पना नगर निवासी संदीप राणा की एक्टिवा चोरी हो गई थी, जबकि 18 अगस्त की रात महादेवपुरम स्थित एक कार्यालय से लैपटॉप, मोबाइल फोन और नकदी चोरी की गई थी। दोनों मामलों में थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
घटनाओं के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुराने चोरी के मामलों में सामने आए आरोपियों का भी सत्यापन किया गया।
इसी क्रम में 21 अगस्त को राजीव नगर पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर की एक्टिवा सवार एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर आरोपी ने स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन स्कूटी फिसलने से वह गिर गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से एचपी कंपनी का लैपटॉप और सोनी एक्सपीरिया मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुनील पुत्र उम्मेद सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी उफल्डा, श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल बताया। पुलिस के अनुसार उसने बरामद लैपटॉप और मोबाइल महादेवपुरम तथा एक्टिवा रिस्पना नगर से चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी चोरी के सामान को बेचने की फिराक में घूम रहा था, इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामद सामान:
एचपी कंपनी का लैपटॉप – 01
सोनी एक्सपीरिया मोबाइल फोन – 01
सफेद रंग की एक्टिवा, बिना नंबर प्लेट – 01
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, चौकी प्रभारी फव्वारा चौक, अ0उ0नि0 अंशुल सिंह बर्तवाल, कांस्टेबल सत्यवीर और कांस्टेबल मुकेश जोशी शामिल रहे।