Ajay mohan semwal , Dehradun

राजपुर रोड स्थित हयात सेंट्रिक होटल में ठहरे एक परिवार के कमरे से महिला के सोने के आभूषण चोरी होने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने चौकी जाखन (थाना राजपुर) में तहरीर देकर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तहरीर के अनुसार, आशीष कुकरेती निवासी देवी रोड, पदमपुर कोटद्वार 3 दिसंबर 2025 को अपनी पत्नी और बेटे के साथ चाचा की पुत्री के विवाह में शामिल होने के लिए देहरादून आए थे। वे राजपुर रोड स्थित हयात सेंट्रिक होटल में रुके हुए थे।

4 दिसंबर को सुबह लगभग 10 बजे उनकी पत्नी अनामिका, पूरी सोने की ज्वेलरी पहनकर हल्दी समारोह में शामिल होने गई थीं। समारोह समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 3 बजे वे वापस होटल के कमरा नंबर 304 में लौटे।

कमरे में आकर अनामिका ने नथ, कंगन, मांगटीका सहित सभी सोने के आभूषण एक पाउच में भरकर बिस्तर पर रख दिए। उस समय आशीष कुकरेती थकान के कारण कुर्सी पर बैठ गए। इसी दौरान लगभग 3:45 बजे होटल का हाउसकीपिंग कर्मचारी कमरे में आया। पहले पत्नी ने कमरे की सफाई से मना किया, लेकिन बाद में सफाई की अनुमति दे दी गई।

इसके बाद अनामिका और आशीष की रिश्तेदार संगीता तैयार होने के लिए बाहर चली गईं, जबकि कमरे में आशीष और हाउसकीपिंग कर्मचारी मौजूद रहे। तहरीर के अनुसार आशीष कुर्सी पर बैठे-बैठे सो गए और हाउसकीपिंग कर्मी शाम करीब 4:30 बजे कमरे से चला गया।रात लगभग 8:30 बजे आशीष विवाह समारोह में चले गए। देर रात जब परिवार वापस कमरे में लौटा और ज्वेलरी पाउच की जांच की गई तो वह गायब मिला। पूरे कमरे की तलाशी लेने के बावजूद सोने के आभूषण नहीं मिले।घटना की सूचना रात लगभग ढाई बजे होटल रिसेप्शन को दी गई। इसके बाद पीड़ित ने चौकी जाखन पहुंचकर लिखित तहरीर देकर चोरी गई ज्वेलरी की सूची अलग से देने की बात कही है तथा पुलिस से मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

इस मामले में होटल के महाप्रबंधक अजीत सिंह गांधी का कहना है कि प्रत्येक रूम में एक लॉकर गेस्ट को दिया जाता है, ताकि वह अपनी कीमती वस्तुएं वहां रख सकें। यह विकल्प अपनाया नहीं गया था और दुर्भाग्यपूर्ण घटना संज्ञान में आई। यह भी अवगत कराना है कि हाउस कीपिंग स्टाफ की रूम में उपस्थिति के दौरान विवाह समारोह से संबंधित 15 से 20 अन्य मेहमान भी कमरे में गए थे।

पुलिस ने हर एंगल से जांच की है। पुलिस को पूरा सहयोग किया गया। सभी सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कराया गया। पुलिस ने होटल के साथ ही संबंधित हाउस कीपिंग स्टाफ के घर तक की जांच की गई। कहीं कुछ नहीं पाया गया। आगे भी इस मामले में पूरा सहयोग किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *