देहरादून: थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने नौकरी लगवाने के नाम पर 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी चारू चन्द्र जोशी को पिथौरागढ़ के एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देकर युवाओं को अपने जाल में फंसाता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और नेपाल भागने की फिराक में था।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत महिला ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि शादी डॉट कॉम के माध्यम से परिचित हुए चारू चन्द्र जोशी ने खुद को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए उच्चाधिकारियों से अपनी पहचान होने का झांसा दिया। आरोपी ने शादी करने और स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग तिथियों में करीब 32 लाख रुपये की रकम हड़प ली।

शिकायत के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी समेत कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई। सर्विलांस और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाने पर पता चला कि आरोपी पिथौरागढ़ के रास्ते नेपाल भागने की कोशिश कर रहा है।

पुलिस टीम ने पिथौरागढ़ पुलिस से समन्वय स्थापित कर एंचोली क्षेत्र में दबिश दी और 21 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पिथौरागढ़ न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद उसे देहरादून लाया गया।

स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर फार्मासिस्ट रह चुका है आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2016 में स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत था। वर्ष 2022 में नैनीताल जनपद में धोखाधड़ी और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज होने के बाद उसे जेल जाना पड़ा, जिसके बाद उसे स्वास्थ्य विभाग की नौकरी से हटा दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने अपनी पूर्व नौकरी और स्वास्थ्य विभाग में रही पहचान का फायदा उठाना शुरू किया। वह खुद को स्वास्थ्य विभाग में नियुक्त बताकर अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा करता और सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को नौकरी लगवाने का झांसा देकर उनसे रकम ऐंठता था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्तमान मामले में महिला से प्राप्त रकम में से अधिकांश धनराशि उसने अपने खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमों के सेटलमेंट में संबंधित लोगों को दे दी। पुलिस उसके बयानों का अभिलेखीय और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन कर रही है।

पुलिस जांच में अब तक आरोपी द्वारा व्यक्तिगत स्तर पर नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने की बात सामने आई है। किसी परीक्षा एजेंसी अथवा चयन प्रक्रिया से जुड़े व्यक्ति से आरोपी के संपर्क में होने का कोई साक्ष्य पुलिस को नहीं मिला है।

सात मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों में सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हल्द्वानी, ऋषिकेश, मुखानी, काशीपुर और नेहरू कॉलोनी थानों में दर्ज मामले शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपी: चारू चन्द्र जोशी, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सिली, पोस्ट गरुड़, थाना बैजनाथ, जनपद बागेश्वर, हाल निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, दून एरिया, हल्द्वानी।

पुलिस टीम

थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी उ0नि0 मनोज नौटियाल, चौकी प्रभारी जोगीवाला उ0नि0 गिरीश चन्द्र बडोनी, कांस्टेबल विनोद बचकोटी, कांस्टेबल विपिन सेमवाल, एसओजी से हेड कांस्टेबल किरन और कांस्टेबल आशीष राठी शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *