देहरादून: कृषि मंत्री गणेश जोशी से गुरुवार को उनके कैंप कार्यालय में जनपद उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड के ग्राम जागटा से आए फल उत्पादक किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान किसानों ने फल मंडियों में हो रही विभिन्न समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि फल मंडियों में किसानों से मंडी शुल्क तथा अन्य खर्चों के नाम पर विभिन्न प्रकार की कटौतियां की जा रही हैं, जिससे फल उत्पादक किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने मंडियों में शौचालय, स्वच्छ पेयजल, विश्राम एवं ठहरने जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की। साथ ही हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों में लागू किसान हितैषी मंडी व्यवस्थाओं का अध्ययन कर उत्तराखंड में भी पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी मंडी व्यवस्था लागू की जाए, ताकि फल उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और अनावश्यक कटौतियों पर रोक लगाई जा सके।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने मंडी निदेशक/एमडी मंडी को संबंधित प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर मनमोहन सिंह चौहान सहित किसान प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।