देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा ‘वंदे मातरम’ को लेकर दिए गए बयान पर उत्तराखंड कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा को कांग्रेस के राष्ट्रवाद और देशभक्ति के इतिहास पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास स्वतंत्रता संग्राम, त्याग, बलिदान और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा रहा है। उन्होंने भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों ने लंबे समय तक अपने मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया, वे आज कांग्रेस को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “स्वतंत्रता संग्राम और आजादी की लड़ाई का मतलब शायद महेंद्र भट्ट को पता नहीं होगा, क्योंकि वे उस विचारधारा से आते हैं जो सावरकर को अपना आदर्श मानती है और महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को लेकर भी विवादों में रही है। ऐसे में कांग्रेस को देशभक्ति का प्रमाणपत्र देने की कोशिश हास्यास्पद है।”
डॉ. सिंह ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ का इतिहास भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और कांग्रेस के अधिवेशनों से गहराई से जुड़ा हुआ है। कांग्रेस ने हमेशा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और विकास से जुड़े गंभीर सवालों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा नेता विभाजनकारी मुद्दों को हवा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता वास्तविक मुद्दों पर जवाब चाहती है, न कि राजनीतिक बयानबाजी।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने महेंद्र भट्ट को सलाह दी कि वे अनर्गल बयानबाजी के बजाय प्रदेश के युवाओं की बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई और राज्य के विकास जैसे मुद्दों पर बात करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के विभाजनकारी एजेंडे का राजनीतिक और वैचारिक स्तर पर मजबूती से मुकाबला करेगी तथा जनता के वास्तविक मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी।